Hoshairpur

संस्कारी टीम होशियारपुर ने मनाया पर्यावरण-अनुकूल गणेश विसर्जन

होशियारपुर : संस्कारी टीम होशियारपुर ने इस वर्ष भी गणेश विसर्जन का कार्यक्रम भक्ति, उत्साह और पर्यावरण-जागरूकता के अनूठे संगम के साथ मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा गणपति बप्पा के भजनों से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। इसके पश्चात टीम के सदस्यों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।

बच्चों के उत्साह और मासूम भक्ति ने माहौल को और भी पावन बना दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मिलकर बारिश को थमने की प्रार्थना की। साथ ही, भगवान से पंजाब की खुशहाली और प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा की सामूहिक प्रार्थना भी की गई।

टीम ने पारंपरिक नदी या तालाब में विसर्जन करने की बजाय मास्टरमाइंड इंस्टीट्यूट में रखे टब में ही गणपति बप्पा का विसर्जन किया। इस इको-फ्रेंडली पहल के पीछे मुख्य उद्देश्य था कि धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए प्रदूषण को रोका जाए और प्रकृति की सुरक्षा का संदेश समाज तक पहुँचाया जाए।

संस्कारी टीम से सुनीता गोगिया ने कहा “गणेशोत्सव केवल उत्सव का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमें सिखाता है कि आस्था और पर्यावरण साथ-साथ चल सकते हैं। हमारा प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले।”

कार्यक्रम का समापन “गणपति बप्पा मोरया – अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page