Hoshairpur

विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है अध्यापक: डीईओ ललिता अरोड़ा

होशियारपुर 6 सितंबर ( हरपाल लाडा ): शिक्षक दिवस के मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी के कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी मैडम ललिता अरोड़ा विशेष तौर पर उपस्थित हुई।डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरांत उपस्थिति को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मैडम ललिता अरोड़ा ने कहा कि समाज के निर्माण में अध्यापक वर्ग अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही अध्यापक की भूमिका को सर्वोपरि माना गया है। अध्यापक न केवल विद्यार्थी को शिक्षित करता है बल्कि उसका चरित्र निर्माण करने में भी सहायक होता है। उन्होंने अध्यापकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज के दौर में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

समाज से नशे को दूर करने में उनको अपनी जिम्मेदारी पूरी तनदेही से निभानी होगी। इसके लिए उन्हें प्रत्येक विद्यार्थी पर फोकस करना होगा। इतना ही नहीं बच्चों के अभिभावकों को भी विश्वास में लेना होगा ताकि बच्चे की दिनचर्या के बारे में पूरी जानकारी रखी जा सके।

इसके अलावा बच्चों में नैतिक शिक्षा का संचार करना होगा क्योंकि इसके बिना स्वस्थ समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। विद्यार्थी पहले की तरह आज भी अपने अध्यापक की कही हुई बातों पर अधिक यकीन करता है और अब यह अध्यापकों का फर्ज बनता है कि वह उसके विश्वास को कमजोर न होने दे।

इस मौके पर उप जिला शिक्षा अधिकारी एलिमेंट्री अमनदीप शर्मा, श्याम सुंदर गुप्ता, जिला स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर जगजीत सिंह, हरदीप सिंह, सरबजीत सिंह, मनीष शर्मा, दीप्ति, प्रदीप राजू, जिला रिसोर्स कोऑर्डिनेटर अंकुर शर्मा, नरेंद्र सोहल,परमजीत सिंह आदि भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page