Hoshairpur

नशे के विरुद्ध जंग में होशियारपुर बन रहा है अग्रणी जिलाः डा. बलबीर सिंह

होशियारपुर ( हरपाल लाडा ): पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान में होशियारपुर जिला पूरे राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों की साझा मेहनत से यह अभियान ज़मीनी स्तर पर सफलतापूर्वक चल रहा है। डॉ. बलबीर सिंह आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में रंगला पंजाब विकास स्कीम, डेंगू-चिकनगुनिया की रोकथाम और नशा विरोधी अभियान की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक टांडा उड़मुड़ जसवीर सिंह राजा गिल, विधायक दसूहा करमबीर सिंह घुम्मण, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, एस.एस.पी संदीप कुमार मलिक, मेयर सुरिंदर कुमार, पंजाब इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के वाइस चेयरमैन डॉ. हरविंदर सिंह बख्शी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

पत्रकारों से बातचीत में डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि बैठक से पहले उन्होंने होशियारपुर स्थित पुनर्वास केंद्र का दौरा किया, जहां बैडों की संख्या को तीन गुना बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज के साथ-साथ योग, खेल गतिविधियों और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों से भी जोड़ा गया है। उनकी ट्रेंड काउंसलरों से काउंसलिंग की जाती है। इस दौरान उन्होंने केंद्र में दाखिल मरीजों के साथ बातचीत की और उन्हें नशा छोड़ कर फिर से नई जिंदगी जीने के लिए प्रेरित किया। रंगला पंजाब स्कीम की बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत विधायक टांडा उड़मुड़ और विधायक दसूहा द्वारा विकास संबंधी परियोजनाओं की सूची बनाकर सरकार को सौंपी गई है। जल्द ही इन क्षेत्रों में कार्य शुरू किए जाएंगे। इस योजना के माध्यम से गांवों और मोहल्लों में बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों की तुलना में इन बीमारियों के मामलों में जिले में उल्लेखनीय कमी आई है। स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में 1200 आशा वर्करों और 1100 नर्सिंग स्टूडेंट्स को प्रशिक्षित किया है, जो घर-घर जाकर लोगों को मच्छरों के लार्वा और उनसे फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए डेंगू-रोधी गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। आशा वर्करों और नर्सिंग छात्रों की भागीदारी को और बढ़ाया जाएगा और उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। स्कूलों में लार्वा खोजने वाले छात्रों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के कर्मचारियों को लार्वा की पहचान और उसके स्रोत को खत्म करने के उपायों की जानकारी दी जानी चाहिए।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री को पुनर्वास केंद्र के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पुर्नवास केंद्र में अब तक लगभग तीन हजार मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि केंद्र में मरीजों को पैरों पर खड़ा करने के लिए सैलून, बागवानी, फूड एंड क्राफ्ट और इलेक्ट्रीशियन कोर्स करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सैलून कोर्स के पांच बैच, फूड क्राफ्ट के चार बैच और इलेक्ट्रीशियन कोर्स का एक बैच सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि मरीजों को मशरूम कल्टीवेशन और बागवानी से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल 16 ओट क्लीनिक सक्रिय हैं, जिनमें 9300 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है और तीन हजार से अधिक मरीज उपचार प्राप्त कर चुके हैं।

युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान की प्रगति पर जानकारी देते हुए एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने बताया कि 1 मार्च से 18 जून के बीच जिले में इस अभियान के तहत 462 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 650 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसी अवधि में 9.55 लाख रुपए की ड्रग मनी जब्त की गई है और 37.41 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्ति को फ्रीज किया गया है। इसके साथ ही नशे के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए 1080 बैठकों का आयोजन किया गया है और 34 कासो ऑपरेशनों के अंतर्गत 260 स्थानों की चैकिंग की गई है।

इस अवसर पर हलका इंचार्ज मुकेरियां प्रो. जी.एस. मुल्तानी, चेयरमैन होशियारपुर सहकारी बैंक विक्रम शर्मा बाबी, पार्षद राजेश्वर दयाल बब्बी, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर, एसपी मेजर सिंह, एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, एसडीएम दसूहा कंवलजीत सिंह, एसडीएम गढ़शंकर हरबंस सिंह, एसडीएम टांडा परमप्रीत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page