विद्या मंदिर स्कूल की छात्राओं ने राज्य स्तरीय बीच वॉलीबॉल चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक


होशियारपुर ( हरपाल लाडा ) : विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल, होशियारपुर की छात्राएं मीनाक्षी और दीक्षा तथा स्पोर्ट्स विंग की तमन्ना ने राज्य स्तरीय गर्ल्स अंडर-17 “बीच वॉलीबॉल” चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर ज़िले का नाम रोशन किया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि उन्होंने लुधियाना में आयोजित प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबले में फरीदकोट की टीम को हराकर प्राप्त की।
होशियारपुर का नाम किया रोशन, विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा सहित गणमान्यों ने किया सम्मानित

इस गौरवपूर्ण जीत के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में विधायक श्री ब्रह्म शंकर जिंपा, जिला स्पोर्ट्स ऑफिसर गुरप्रीत सिंह, असिस्टेंट डायरेक्टर युवक सेवाएं प्रीत कोहली, विद्या मंदिर संस्थान के अध्यक्ष अनुराग सूद, रिटायर्ड कमांडेंट चंचल सिंह एवं अन्य गणमान्यों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा ने खिलाड़ियों की मेहनत और कोचिंग स्टाफ की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि जिला खेल विभाग, विद्या मंदिर के वॉलीबॉल कोच प्रिंसिपल रवि मेहता, प्रिंसिपल मल्कियत कुमार और स्पोर्ट्स विंग की कोच रेणु दत्ता की निःस्वार्थ सेवा भावना के चलते होशियारपुर वॉलीबॉल के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा युवाओं को खेल और समाज सेवा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

संस्थान के अध्यक्ष अनुराग सूद ने भी विजेता छात्राओं को बधाई दी और विधायक जिंपा के नेतृत्व में खेलों के क्षेत्र में होशियारपुर की हो रही उन्नति की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला खेल विभाग इस सफलता में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर विद्या मंदिर के सचिव डॉ. हर्षविंदर सिंह पठानिया, भृगु वेद विद्यालय के संचालक पंकज सूद, मनीषा जोशी, विजया कंवर, अमन धीमान, गुरप्रीत कौर सहित विद्यालय के छात्र एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे।



