भारत निर्वाचन आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 का संशोधित कार्यक्रम जारी किया


होशियारपुर, 17 जुलाई: भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिला होशियारपुर में मतदाता सूची की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन का कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सर्वेक्षण अब 3 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची 13 अगस्त 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 13 अगस्त से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

आशिका जैन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे मतदाता सूची के इस स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान के दौरान बीएलओ को पूरा सहयोग दें। यदि किसी मतदाता के विवरण में संशोधन, नए नाम को शामिल करवाना या किसी अन्य प्रकार का दावा अथवा आपत्ति दर्ज करवानी हो, तो निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा अपने बीएलओ के माध्यम से आवेदन अवश्य करें, ताकि उनका मतदान का अधिकार सुरक्षित रह सके।

उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम की जानकारी जिले की सभी राजनीतिक पार्टियों, निर्वाचन अधिकारियों तथा आम जनता को भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।



