सरकार की नीतियों और विधायक जिम्पा व मेयर सुरिंदर की बढ़िया कार्यगुजारी ने दिलाई जीतः रणजीत राणा


होशियारपुर: नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 35 सीटों पर जीत प्राप्त की है। इस जीत का श्रेय जहां पंजाब सरकार की नीतियों को जाता है वहीं विधायक ब्रमशंकर जिम्पा और पूर्व मेयर सुरिंदर कुमार की बढ़िया कार्यशैली भी बधाई की हकदार है। जिनकी अगुवाई में जनता ने आप पर विश्वास जताते हुए 35 सीटों पर विजयी दिलाई।
यह बात नंबरदार लायन रणजीत सिंह राणा ने आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में चुनाव में जीत प्राप्त करने वाले समस्त उम्मीदवारों को दी, जो पार्षद के रुप में जनसेवक बने हैं। श्री राणा ने कहा कि जनता ने विधायक जिम्पा व पूर्व मेयर सुरिंदर कुमार की कथनी और करनी पर मोहर लगाई है और नगर निवासी चाहते हैं कि इन दोनों की जोड़ी आगे भी शहर की सेवा और विकास करती रहे।

उन्होंने कहा कि कुछ पद बहुत ही जिम्मेदारी वाले होते हैं और उस पद की गरिमा को बनाए रखने के लिए एक ऐसे उम्मीदवार की जरुरत होती है, जिसमें सहनशीलता और मिलनसार स्वभाव कूट-कूट कर भरा हो। ऐसा ही एक पद है शहर के मेयर का। जो भी इस पद पर आसीन होगा उसमें इन गुणों का होना बहुत जरुरी है।
इसलिए विधायक जिम्पा को आगामी 2027 को ध्यान में रखते हुए अपनी जोड़ी को कायम रखना चाहिए ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी ऐसी ही प्रचंड जीत प्राप्त करके यह सीट पार्टी की झोली में डाली जा सके। उन्होंने समस्त पार्षदों से भी अपील की कि वह अपने निजी स्वार्थ छोड़कर उक्त जोड़ी पर भरोसा जताएं और शहर के विकास की नींव को और पक्का करें।




