Hoshairpur

नगर निगम कर्मचारियों की जायज़ मांगें मानकर हड़ताल तुरंत समाप्त करवाए सरकार: मेहरा

होशियारपुर, 18 मई: नगर निगम कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। अपनी मांगों के समर्थन में निगम के विभिन्न विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हुए हैं, जिससे शहर के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

नगर निगम कर्मचारियों की इस हड़ताल को आज बाला जी क्रांति मंच ने भी अपना समर्थन दिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए मंच के संस्थापक बब्बा हांडा ने कहा कि नगर निगम कर्मचारी शहर की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष रूप से सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में दिन-रात मेहनत करते हैं, इसलिए सरकार को उनकी जायज़ मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान निकालना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन, बेहतर सुविधाएं और कार्य के अनुरूप अधिकार मिलना बेहद आवश्यक है। सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए हड़ताल समाप्त करवाने के लिए तुरंत सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।

इस अवसर पर बाला जी क्रांति मंच के जिला अध्यक्ष ईशान मेहरा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि पंजाब में नगर निगम और नगर कौंसिल चुनावों के माहौल के बीच कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर विशेष ध्यान देते हुए कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर जल्द से जल्द समाधान निकालना चाहिए, ताकि शहर की व्यवस्थाएं प्रभावित न हों और कर्मचारियों को उनका अधिकार मिल सके।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार, सेक्टरी कुणाल कालिया, शहरी अध्यक्ष सजीव सेठी , शहरी उपाध्यक्ष माणिक कोहली , मेडिकल सेल प्रधान विनय वर्मा , हरीश वर्मा , रमन नैय्यर , रिशु गिल , विराट हांडा आदि सदस्य उपस्थित हुए ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page