Hoshairpur

मंदिर परिसर में भगवान श्री कृष्ण का प्रिय पौधा “माखन कटोरी” का किया भव्य रोपण : संजीव अरोड़ा

होशियारपुर : रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी की ओर से सामाजिक कार्यों की लड़ी के तहत आज गीता भवन मानस कुंज मंदिर भरवाई रोड पर भगवान श्री कृष्ण का प्रिय पौधा ” माखन कटोरी” का भव्य रोपण किया गया । इस अवसर पर प्रधान जे. बी. बहल एवं चेयरमैन व प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने कहा कि धार्मिक आस्था और प्रकृति प्रेम का सुंदर संगम उस समय देखने को मिला जब मंदिर परिसर में भगवान श्री कृष्ण के प्रिय माने जाने वाले “माखन कटोरी” पौधे का विधि-विधान के साथ रोपण किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर इस पुण्य कार्य में भाग लिया।और श्री अरोड़ा ने कहा की पौधारोपण की शुरुआत मंत्रोच्चारण और भगवान श्री कृष्ण की आरती के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात पंडित जी द्वारा विधिवत पूजन कर “माखन कटोरी” पौधे का रोपण किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया और पौधे की देखभाल का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर सचिव प्रो. दलजीत सिंह एवं सेवा निवृत विभाग प्रमुख (बॉटनी) ने बताया कि “माखन कटोरी” पौधा भगवान श्री कृष्ण से विशेष रूप से जुड़ा हुआ माना जाता है। इसकी पत्तियां कटोरी के आकार की होती हैं, जो इसे अन्य पौधों से अलग और आकर्षक बनाती हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह पौधा शुभता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है तथा इसे मंदिरों और पवित्र स्थलों में लगाना अत्यंत लाभकारी माना जाता है। और उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन प्रकृति के साथ गहराई से जुड़ा रहा है और ऐसे पवित्र पौधों का रोपण न केवल हमारी आस्था को मजबूत करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। आज के समय में जब प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, तब इस प्रकार के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

मंदिर समिति के सदस्यों रविंद्र कुमार दत्ता एवं हरीश पराशर ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने घरों, आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और सभी उपस्थित लोगों ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जसबीर कंवर, अश्वनी कुमार दत्ता,कृष्ण किशोर रविंद्र दत्ता, हरीश पराशर व अन्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page