Hoshairpur

श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 1101 कुंडीय अति रुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

होशियारपुर ( हरपाल लाडा ): होशियारपुर के गांव बस्सी ग़ुलाम हुसैन स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में परम पूज्य महंत उदयगिरी जी महाराज के पावन संकल्प से 19 फरवरी से 25 फरवरी तक आयोजित 1101 कुंडीय अति रुद्र महायज्ञ का आज हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य शुभारंभ हुआ।

संत-महंतों, जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में गूंजे वेद मंत्र

प्रातः काल मंदिर प्रांगण से बैंड-बाजों और विशाल ध्वज के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। “हर-हर महादेव” के जयघोष और वेद मंत्रों के सस्वर उच्चारण के बीच यात्रा यज्ञ स्थल तक पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान से अति रुद्र महायज्ञ प्रारंभ किया गया। देशभर से आए विद्वान ब्राह्मणों के मंत्रोच्चारण के बीच हजारों पुरोहितों और यजमानों ने 1101 हवन कुंडों में एक साथ आहुतियां अर्पित कीं। “स्वाहा” के गूंजते स्वर से पूरा वातावरण भक्तिमय और ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा।

इस पावन अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे अविनाश राय खन्ना (पूर्व सांसद) ने कहा कि ऐसे महायज्ञ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की जीवंत पहचान हैं। उन्होंने कहा कि रुद्र महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और नैतिक मूल्यों के प्रसार का माध्यम है।

वहीं मौजूदा विधायक पंडित ब्रह्म शंकर जिंपा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र की आध्यात्मिक चेतना को सशक्त करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

जिलाधीश अंशिका जैन ने भी महायज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में समरसता और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।

आयोजन समिति के अनुसार यह महायज्ञ विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि और समाज में सुख-समृद्धि की कामना के लिए संपन्न कराया जा रहा है। सप्ताह भर चलने वाले इस महाअनुष्ठान में प्रतिदिन विशेष पूजा, रुद्राभिषेक, प्रवचन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

गांव बस्सी ग़ुलाम हुसैन में आयोजित यह 1101 कुंडीय अति रुद्र महायज्ञ आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का विराट प्रतीक बनकर क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page