अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संस्कारी स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी (संस्कारी टीम होशियारपुर) ने किया भव्य आयोजन


होशियारपुर ( हरपाल लाडा ): संस्कारी स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी (संस्कारी टीम होशियारपुर) की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस विद्या मंदिर स्कूल के प्रांगण में बड़े उत्साह, सम्मान और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में शिक्षिकाएं, एडवोकेट, डॉक्टर, गृहिणियां तथा अन्य कई पेशों से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं। सभी महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और समाज में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार भी साझा किए।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्कारी टीम होशियारपुर की मैडम सुनीता द्वारा की गई। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों और सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, उनके योगदान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को पहचान देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
इस अवसर पर मैडम अनामिका और मैडम वर्तिका ने महिला दिवस के महत्व पर प्रेरणादायक भाषण दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है और समाज के विकास में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया। डांस टीचर करण कुमार द्वारा संसकारी टीम के लिए तैयार किया गया एक विशेष रैप गीत बच्चों के साथ मिलकर प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा। बच्चों की इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा भर दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर केक काटकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक मणि गोगिया तथा मैडम मेहक द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को पेपर फ्लावर भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से संस्था ने समाज में महिलाओं के योगदान को सराहने और उनके प्रति आदर व्यक्त करने का संदेश दिया।
संस्कारी स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण और एकजुटता का संदेश देने में भी सफल रहा। संस्था के सदस्यों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में सकारात्मक सोच और संस्कारों को बढ़ावा दिया जा सके।



