युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण के पांचवें दिन वॉलंटियरों को दी गई अग्नि सुरक्षा व प्राथमिक उपचार की उन्नत ट्रेनिंग


होशियारपुर, 20 नवंबर ( हरपाल लाडा ): ज़िला होशियारपुर के फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट में 16 नवंबर से चल रहे युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज पांचवां दिन उत्साहपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आज के सत्र में प्रशिक्षुओं को आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रैक्टिकल व थ्योरी सेशन कराए गए, जिनमें विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
सत्र के दौरान एस.एफ.ओ. अरुण कुमार ने वॉलंटियरों को आग लगने पर उपयोग होने वाले विभिन्न प्रकार के फायर उपकरणों को चलाने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने फायर की विभिन्न क्लासों की जानकारी दी और फायर टेंडर की सहायता से पानी की बौछार कराकर आग बुझाने की व्यावहारिक प्रक्रिया भी समझाई। इस पूरे प्रशिक्षण के दौरान कोर्स कोऑर्डिनेटर अंकुर शर्मा भी मौजूद रहे।

इसके साथ ही इंस्ट्रक्टर सचिन शर्मा, शाइना और सलोनी ने सर्पदंश और कुत्ते के काटने की स्थिति में दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षुओं को बताया गया कि आपदा की शुरुआती अवस्था में सही प्राथमिक उपचार किस तरह जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इंस्ट्रक्टर आयू शर्मा, प्रीति देवी, शानू तथा शुभम वर्मा ने बादलों की गरज और बिजली चमकने के वैज्ञानिक कारणों के साथ-साथ वज्रपात से बचाव संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया। वॉलंटियरों को बताया गया कि बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थान व आवश्यक कदम कौन-से होने चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान मैगसीपा टीम के अमन ठाकुर और शिव मूर्त भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया। वॉलंटियरों ने सभी सत्रों में गहरी रुचि दिखाई और पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त किया।




