Hoshairpur

पंजाब सरकार की ‘सेहत योजना’ बनी लोगों की नई उम्मीद : संजय शर्मा

होशियारपुर, 13 जुलाई ( हरपाल लाडा ) : कैंसर, हृदय रोग, टीबी और गुर्दों की बीमारी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही पंजाब की जनता के लिए पंजाब सरकार की नई ‘सेहत योजना’ राहत की किरण बनकर उभरी है। इस योजना को लेकर नगरवासियों और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। योजना की घोषणा के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व कार्यकर्ता पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक ब्रह्मशंकर जिंपा से मिले और सरकार के इस जनहितैषी कदम के लिए आभार जताया।

आम आदमी पार्टी के युथ विंग के उप प्रधान संजय शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि यह योजना न केवल एक संवेदनशील प्रशासनिक कदम है बल्कि हताश हो चुके गरीब मरीजों के लिए आशा की नई रेखा है। उन्होंने बताया कि यह योजना पंजाब में पहली बार इस स्तर पर शुरू की गई है, जो सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है।

संजय शर्मा ने बताया कि बीते कुछ वर्षों में मध्यम व निम्न वर्ग भी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ चुका है, लेकिन महंगे इलाज के चलते अधिकतर परिवार असहाय हो जाते हैं। सामाजिक संस्थाएं मदद करने की कोशिश तो करती हैं, लेकिन उनकी भी सीमाएं होती हैं। ऐसे में पंजाब सरकार का इस दिशा में कदम उठाना वाकई सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जातिवाद या वर्ग विशेष की राजनीति नहीं करती, बल्कि हर नागरिक को समान दृष्टि से देखते हुए नीतियाँ बनाती है। पहले बिजली बिल माफ करने की योजना हो, बस किराया माफी हो या अब यह ‘सेहत योजना’ – हर पहल आम जन के जीवन को आसान बनाने की दिशा में उठाया गया एक ठोस कदम है।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि योजना की खबर फैलते ही लोग खुशी से झूम उठे और आम आदमी पार्टी के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ। सभी को पूर्ण विश्वास है कि जैसे पहले की योजनाएं लागू हुईं, वैसे ही यह योजना भी जल्द ही ज़मीन पर दिखाई देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page