Hoshairpur

उन्नति कोऑपरेटिव सोसायटी, तलवाड़ा ने बाढ़ पीड़ितों के लिए दी 1000 राशन किटों की सहायता

होशियारपुर, 12 सितम्बर: डिप्टी कमिश्नर-कम-अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसायटी आशिका जैन ने बताया कि इस समय पूरा पंजाब बाढ़ की मार झेल रहा है और इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरा देश खड़ा है। जिला होशियारपुर के कई इलाके भी इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं। सरकार जहां पीड़ितों की मदद में जुटी हुई है, वहीं स्वैच्छिक संस्थाएं, कंपनियां, फैक्टरियां, दानी सज्जन तथा आम नागरिक भी राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जानकारी दी कि उन्नति कोऑपरेटिव सोसायटी, तलवाड़ा ने बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद हेतु जिला रेडक्रॉस सोसायटी को 1000 राशन किटें प्रदान की हैं। उन्होंने संस्था का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस आपदा के समय उनकी ओर से किया गया सहयोग प्रभावित परिवारों के लिए अत्यंत मूल्यवान है।

आशिका जैन ने बताया कि उन्नति कोऑपरेटिव सोसायटी हमेशा ही मुश्किल परिस्थितियों में रेडक्रॉस के साथ खड़ी रही है। वर्ष 2023 की बाढ़ के समय भी संस्था द्वारा पीड़ितों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई गई थीं। उन्होंने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।

रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद ने जिले की कंपनियों, फैक्टरियों, उद्योगपतियों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारी वर्ग और सभी नागरिकों से अपील की कि वे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं और वित्तीय अथवा अन्य किसी भी प्रकार का सहयोग देकर अपना योगदान दें। रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से इस उद्देश्य हेतु जारी किए गए लिंक https://tinyurl.com/redcrosshoshiarpur पर क्लिक करके ऑनलाइन दान किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, इच्छुक व्यक्ति सोमवार से शुक्रवार तक जिला रेडक्रॉस कार्यालय, जोधा मल्ल रोड, होशियारपुर में सीधे संपर्क कर भी सहायता कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page