सिर और गर्दन के कैंसर जागरूकता दिवस पूर्व संध्या


होशियारपुर ( हरपाल लाडा ): “भारत में 30 लाख लोग कैंसर से पीड़ित हैं, जिनमें से 14 लाख नए मामले हैं और भारत में हर साल कैंसर से 9.10 लाख लोगों की जान जाती है। सिर और गर्दन के कैंसर मुख्यतः हमारी जीवनशैली, सुपारी चबाने की लत, तंबाकू और शराब के सेवन और खराब मौखिक स्वच्छता के कारण होता है।“
जीवनशैली में बदलाव और तंबाकू से परहेज कर सिर और गर्दन के कैंसर को रोका जा सकता है: एक्सपर्ट

सिर और गर्दन के कैंसर जागरूकता दिवस की पूर्व संध्या पर, पार्क अस्पताल में मेडिकल ऑन्कोलॉजी डायरेक्टर डॉ. हरिंदरपाल सिंह ने बताया कि जीवनशैली में बदलाव और तंबाकू से परहेज करके सिर और गर्दन के कैंसर को रोका जा सकता है। भारत, जो सिर और गर्दन के कैंसर की विश्व राजधानी है, में रोकथाम और शीघ्र पहचान पर भी ध्यान केंद्रित की आवश्यकता है ।
सीनियर कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. विजय जगड़ ने बताया कि भारत में हर साल 1.75 लाख नए मामलों के साथ, दुनिया भर में मुख कैंसर के सबसे ज़्यादा मामले सामने आ रहे हैं। देश में मुख कैंसर के 90 प्रतिशत मामलों में तंबाकू और गुटखा चबाने से योगदान होता है।

“सिर और गर्दन का कैंसर गले, गर्दन, स्वरयंत्र, मुँह और साइनस के पास शुरू होता है। यह आमतौर पर शरीर के इन हिस्सों की कोशिकाओं में शुरू होता है।”

कंसलटेंट रेडिएशन ऑन्कोलॉजी डॉ. जोबनजीत कौर ने बताया, “न्यूनतम इनवेसिव सर्जरी, अंग संरक्षण तकनीक और रेडियोथेरेपी व मेडिकल ऑन्कोलॉजी में प्रगति ने कैंसर के उपचार को और बेहतर बनाया है, जिससे मॉर्बिडिटी और मृत्यु दर में कमी आई है।”
सिर और गर्दन के कैंसर के सामान्य लक्षण:
• गर्दन, जबड़े या मुँह के पिछले हिस्से पर गांठ
• मुँह का छाला
• चेहरे में दर्द या कमजोरी
• गर्दन में दर्द
• जबड़े को हिलाने में कठिनाई
• निगलने में कठिनाई
• बोलने में समस्या
• कान में दर्द या सुनने की क्षमता में कमी
सामान्य जोखिम कारक:
• तंबाकू का सेवन
• शराब का सेवन
• मुख-ग्रसनी कैंसर के लिए ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) संक्रमण
• नासोफेरींजल कैंसर के लिए एपस्टीन-बार वायरस (ईबीवी) संक्रमण



