Hoshairpur

ऐतिहासिक नगर कीर्तन के स्वागत संबंधी सभी तैयारियां की मुकम्मल :डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन

होशियारपुर, 20 नवंबर ( हरपाल लाडा ): डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की अद्वितीय एवं महान शहादत के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित ऐतिहासिक नगर कीर्तन के स्वागत, सुरक्षा व संपूर्ण व्यवस्थाओं की सभी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। डिप्टी कमिश्नर वीरवार को विधायक उड़मुड़ जसवीर सिंह राजा गिल, विधायक दसूहा करमबीर सिंह घुम्मण तथा हलका इंचार्ज प्रो. जी.एस. मुल्तानी की मौजूदगी में मार्किट कमेटी कार्यालय दसूहा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक के दौरान तैयारियों को अंतिम रूप दे रही थी।

डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और श्रद्धा भावना के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन के संपूर्ण रूट में सुरक्षा, यातायात, सफाई, लाइटिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर लिया गया है। नगर कीर्तन के दौरान लंगर व्यवस्था, पीने के पानी की उपलब्धता, मेडिकल सुविधाएं, सुरक्षा प्रबंधन तथा ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर विभागों को स्पष्ट दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर से आरंभ हुआ नगर कीर्तन 21 नवंबर को पठानकोट से होता हुआ जिला होशियारपुर के मुकेरियां में प्रवेश करेगा, जहां नगर कीर्तन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसी दिन नगर कीर्तन दसूहा एवं गढ़दीवाला होते हुए गुरुद्वारा श्री रामपुर खेड़ा में विश्राम करेगा। 22 नवंबर को गुरुद्वारा श्री रामपुर खेड़ा में नगर कीर्तन को पुनः गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा, जिसके बाद यह भूंगा, हरियाना, होशियारपुर, चब्बेवाल, माहिलपुर और गढ़शंकर के रास्ते होते हुए श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना होगा।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिला वासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक नगर कीर्तन में शामिल हों और गुरुओं की परंपरा एवं शिक्षाओं का अनुसरण करें।

इस अवसर पर विधायक जसवीर सिंह राजा गिल व विधायक करमबीर सिंह घुम्मण ने भी नगर कीर्तन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाना है।

बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर, सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल, एस.डी.एम. दसूहा कंवलजीत सिंह, एस.डी.एम. मुकेरियां अंकुर महेंद्रू, एस.डी.एम. टांडा परमप्रीत सिंह, एस.पी. मेजर सिंह, डी.डी.पी.ओ. संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page